भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में राज्य सरकार का गुणगान ब्यूरो, बेगमगंज.
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री सुखप्रीत कौर ने कहा है कि, भाजपा की सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालकर विकासित राज्य बना दिया है। प्रदेश में महिलाओं की स्थितियों को बेहतर बनाने और लिंगानुपात को सुधारने के लिए बेटी बचाओ अभियान एक वर्ष से अधिक समय से संचालित किया जा रहा है। लड़की के जन्म पर उसके नाम निश्चित रकम जमा करने और आयु के हर पड़ाव जैसे आठवीं, बारहवीं की शिक्षा पाने पर तय राशि प्राप्त होने और उसके 18 वर्ष के होने पर 1 लाख 18 हजार रूपये मिलने की अभिनव योजना संचालित हो रही हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना में अब तक 13 लाख बालिकाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। जरूरतमंद निर्धन कन्याओं के विवाह की मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में अब तक 1 लाख 15 हजार कन्याओं का विवाह हुआ है। भाजपा महिला मोर्चा की बेगमगंज के गांधी बाजार स्थित शिवालय के सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला महामंत्री अनिता जैन ने की। महिला मोर्चा की अध्यक्ष कु. ज्योति श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष सविता भार्गव, पार्षद गायत्री साहू, पार्षद विमला शर्मा ने पदाधिकारियों का शाल श्रीफल से स्वागत किया।