राकांपा पर आंच नहीं और भाजपा पर गिरी बिजली

Staff Author
अजय मिश्र, मुंबई.

ठाणे मनपा के कोपरी के प्रभाग क्रमांक-51 से भाजपा की टिकट पर चुनकर आई नगर सेविका चांदनी दुलानी द्वारा पेश किया गया जाति प्रमाण पत्र जांच पड़ताल समिति ने रद्द कर दिया है। इससे मनपा द्वारा भी उनका नगर सेवक पद रद्द करने का आदेश जारी किया गया है। दूसरी ओर, भाजपा अध्यक्ष संदीप लेले ने पूरी कार्रवाई को कानून के खिलाफ बताते हुए कहा है कि, मनपा प्रशासन को यह प्रकरण कोर्ट के आदेश के बाद महासभा में लाना चाहिए था, लेकिन मनपा ने मनमानी की। इसके खिलाफ मनपा सचिव को कोर्ट में घसीटने का अल्टीमेटम दिया है ।
ठाणे मनपा


मनपा सचिव और कोकण जांच विभागीय आयुक्त को भाजपा घसीटेगी कोर्ट में

भाजपा अध्यक्ष संदीप लेले का फर्जी जाति प्रमाण पत्र पर कार्रवाई नहीं होने पर अल्टीमेटम


बता दें कि, ठाणे मनपा के सार्वजानिक आम चुनाव में ठाणे पूर्व स्थित कोपरी के प्रभाग क्रमांक-51, दौलत नगर प्रेम नगर से भाजपा के कोटे से चांदनी दुलानी चुनाव जीती थी। इनके सामने कांग्रेस की अरुणा बालासाहब भुजबल चुनाव मैदान में थीं। दुलानी को जहां, 3166 वोट मिले थे वही, कांग्रेस उम्मीदवार अरुणा भुजबल को 2778 वोट मिले थे। 
इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी अरुणा भुजबल ने भाजपा नगर सेविका चांदनी दुलानी के विरुद्ध बम्बई हाई कोर्ट में जाति प्रमाण पत्र को लेकर याचिका दायर की थी। कोर्ट ने 1 नवम्बर 2012 को भाजपा नगर सेविका का प्रमाणपत्र अवैध पाते हुए नगर सेवक पद रद्द करने का आदेश दिया था। इसके बाद ही कोकण आयुक्त के आदेश के बाद मनपा सचिव मनीष जोशी ने भाजपा नागर सेविका चांदनी दुलानी का नगर सेवक पद रद्द करने का आदेश निकाला। 
भाजपा अध्यक्ष संदीप लेले
भाजपा अध्यक्ष संदीप लेले
अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और भाजपा अध्यक्ष संदीप लेले ने ठाणे में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में मनपा प्रशासन पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि, मुम्बरा में राकांपा नगरसेविका रजिया शेख का जाति प्रमाण पत्र को लेकर अंगुली उठ रही है, परन्तु उसका जाति प्रमाण पत्र को लेकर मनपा प्रशासन और कोकण विभागीय जाति प्रमाण जांच समिति ने अभी तक कोई निर्णय नहीं दिया है। ऐसे में सिर्फ भाजपा की नगर सेविका का नगरसेवक पद रद्द करना एक राजनीतिक षड़यंत्र है। लेले ने कहा कि वे इस मामले को बम्बई हाई कोर्ट ले जायेंगे और मनपा के सचिव और कोंकण विभागीय आयुक्त तथा मनपा आयुक्त को कोर्ट में घसीटेंगे।